रादौर, 4 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : श्री राम विचार वाटिका छोटाबांस द्वारा स्वामी आत्म रामानंद चैरिटेबल आई हॉस्पिटल का शुभारंभ बुधवार को किया जाएगा। इस अस्पताल का शुभारम्भ पहले हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा किया जाना था, लेकिन उनके किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण अब इस आंखों के अस्पताल का शुभारम्भ कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। श्री राम विचार वाटिका के संचालक स्वामी उदय आत्मानंद पूरी ने बताया कि इस हॉस्पिटल में उच्च तकनीक की मशीनों को मंगवाया गया है, जिसमें आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। हॉस्पिटल में नाम मात्र खर्चे पर ऑपरेशन व लेंस डालने तथा आंखों की अन्य बीमारियों का इलाज विदेशों से मंगवाई गई मशीनों द्वारा किया जाएगा।