रादौर, 28 जनवरी (कुलदीप सैनी) : विदेश जाकर डॉलर कमाने का सपना देखना एक युवक को रास नहीं आया। अभी युवक ने घर की हालत सुधारने का प्रयास ही किया था कि उसकी मौत हो गई। युवक क्षेत्र के 29 वर्षीय बलराम गांव सिकंदरा का रहने वाला है और उसकी ऑस्ट्रिया में मौत हुई है। बलराम की मौत होने पर परिवार सहित गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। मृतक बलराम के जीजा राझेड़ी गांव निवासी कर्ण सिंह ने बताया कि उसका साला करीब चार माह पहले वर्क वीजा पर ऑस्ट्रिया गया था। शुक्रवार की रात वह काम से लौटने के बाद खाना खाकर सोया था। लेकिन सुबह उठा नहीं। बलराम के चाचा का लड़का टोनी भी उसके साथ ही रहता है। उसे वहां की पीआर मिली हुई है। उसने इस बात की जानकारी परिवार के सदस्यों को दी। मृतक बलराम शादीशुदा था। उसके पास दो बच्चे एक लड़का व लड़की है। पत्नी व बच्चे यहीं गांव सिकंदरा में ही रहते है। बलराम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं है। बलराम के पिता मेहनत मजदूरी करते है। उन्होंने बताया कि जो लोग इंडिया से वहां गए हुए है, उनके आर्थिक सहयोग से उसका अंतिम संस्कार ऑस्ट्रिया में ही किया जाएगा। संस्कार के बाद उसकी अस्थियां इंडिया भेजी जाएंगी। उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।