रादौर, 4 सितंबर (कुलदीप सैनी) : रविवार को ब्लॉक समिति के पूर्व सदस्य अमन काम्बोज के प्रतिष्ठान पर पहुंची भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद कैलाशो सैनी ने कांग्रेस की हल्ला बोल रैली को लेकर निशाना साधा है। कैलाशो सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी रसातल पर जा चुकी है, ऐसे में पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए पार्टी नेताओं द्वारा इस तरह की ड्रामेबाजी की जा रही है। लेकिन आज कांग्रेस से उसके कई बड़े नेता ही किनारा कर चुके है, उससे साफ़ है की कांग्रेस में आज नेतृत्व की भारी कमी है। वही उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा की भाजपा संगठन पूरी तरह से एकजुट है और पार्टी का संगठन आज विश्व में सबसे बड़ा संगठन है। इस मौके पर अमन काम्बोज के प्रतिष्ठान पर पंहुचे स्थानीय लोगो ने पूर्व सांसद के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवा उनके समाधान की मांग की। जिस पर कैलाशो सैनी ने जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।