रादौर, 29 मार्च (कुलदीप सैनी) : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अंबाला की टीम ने मंगलवार को गांव खेड़ी लक्खासिंह में अफीम की खेती कर रहे एक तस्कर को गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी से 200 अफीम के पौधों की खेती का खुलासा हुआ है। पकड़े गए व्यक्ति ने अपने घर की चारदीवारी में अफीम की खेती की हुई थी। जहां कोई आता जाता नहीं था। पुलिस को गुप्त सूत्रों ने इसकी जानकारी दी तो पुलिस ने छापा मारकर घर की चारदीवारी के अंदर की जा रही अफीम की खेती बारे पता चला। रादौर क्षेत्र में लंबे समय के बाद किसी गांव में किसी व्यक्ति द्वारा अफीम की खेती किए जाने का यह पहला मामला है। गांव में अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण हक्के बक्के रह गए। गांव में किसी को भी चुपके से की जा रही अफीम की खेती की सूचना नहीं थी। मंगलवार को अचानक पुलिस के गांव में आकर कार्रवाई किए जाने पर ग्रामीणों को गांव में अफीम की खेती के बारे में जानकारी लगी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो निरीक्षक केवल सिंह ने इस बारे जानकारी देते हुए बताया कि ब्यूरो को सूचना मिली थी कि रादौर क्षेत्र के गांव खेडी लक्खा सिंह में एक मकान की चारदीवारी के अंदर अफीम की खेती की जा रही है। जिस पर जाल बिछाया तो खेड़ी लक्खा सिंह में सचिन कुमार नामक व्यक्ति को मामले में संलिप्त पाया गया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रादौर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेतों में 200 अफीम के तैयार पौधे पकड़े गए है, जिन्हें जड़ सहित उखाड़ कर आरोपी के साथ अदालत में पेश किया जाएगा।