रादौर, 6 जुलाई (कुलदीप सैनी) : सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से पाबंदी लगाए जाने के बाद बुधवार को नगरपालिका की टीम ने मुख्य बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान 6 दुकानदार पॉलीथिन का प्रयोग करते मिले। जिन पर हजारों रुपए जुर्माना लगाया गया। टीम का नेतृत्व सफाई निरीक्षक निर्मल सिंह ने किया।
निर्मल सिंह ने बताया कि सरकार व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। प्रयोग करने वालों पर 500 से 25 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। 100 ग्राम तक पॉलीथिन व अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर 500 रुपए, 100 से 500 ग्राम पर 1500 रूपए, 500 ग्राम से 1 किलोग्राम तक 3 हजार रुपए, 1 किलोग्राम से 5 किलोग्राम तक 10 हजार रुपए, 5 से 10 किलोग्राम तक 20 हजार रुपए व 10 किलोग्राम से अधिक मिलने पर 25 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि पॉलीथीन व अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक से बना सामान पर्यावरण के लिए घातक है। अगर हमें पर्यावरण को सुरक्षित रखना होगा तो हमें खुद ही इसका प्रयोग बंद करना होगा। इससे गंदगी को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर कोई भी इसका प्रयोग करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर आदित्य कांबोज, अभिषेक पंडित, जितेंद्र व रोहित इत्यादि मौजूद रहे।