रादौर, 21 अगस्त (कुलदीप सैनी) : प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन ने आज से किसान मजदूर कर्ज मुक्ति आंदोलन की शुरुआत कर दी है। आंदोलन को मजबूती देने के लिए बकायदा भारतीय किसान यूनियन प्रदेश में एक लाख किसान क्रांतिवीरों की भर्ती करेगी। यह शब्द भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहे। वह अनाज मंडी रोड पर स्थित साहिल सेतिया के कार्यालय पर किसान पंचायत को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रादौर की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया। जिसमें अशोक डांगी कांजनू को ब्लॉक प्रधान, साहिल सेतिया को उपप्रधान, पवन गोयल दामला व ओमप्रकाश जुब्बल को महासचिव, साहब सिंह खजूरी व योगेश्वर दत्त शर्मा को सचिव नियुक्ति किया गया और उन्हें फूल माला पहनाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई।
किसान पंचायत को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहा कि लंबे समय से किसान, मजदूर व छोटे व्यापारी कर्ज के मकडज़ाल में फंसे हुए है। इसलिए इन सभी को इससे आजाद कराने के लिए किसान मजदूर आंदोलन का आगाज आज से कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन ने सभी राजनीतिक दलों के लिए ये नारा दिया है कि जो भी कर्ज मुक्त करेगा, वही देश पर राज करेगा। वही उन्होंने ये भी साफ़ कर दिया की देह शामलात, मुश्तरका मालकान जमीनों पर सरकार जो नजरें गड़ाए बैठी है, उसे किसी भी कीमत पर किसान सरकार को कब्जाने नहीं देंगे। प्रदेश में एक बार किसान आंदोलन करने के लिए तैयार है। इस बार किसान मजदूर कर्ज मुक्ति आंदोलन को लेकर भारतीय किसान यूनियन आंदोलन करेगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर, जयपाल चमरोड़ी, धर्मबीर अमलोहा, अशोक डांगी कांजनू, साहिल सेतिया, ओम प्रकाश, साहब सिंह, रमेश धौलरा, सुरेश सांगवान, उदयवीर कुंजल, बलदेव व मनमोहन औजला इत्यादि मौजूद रहे।