रादौर, 16 सितंबर (कुलदीप सैनी) : रूक रूक कर हुई तेज बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। जिससे कई दिनों से हो रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत अवश्य मिली है, लेकिन दूसरी ओर किसानों की चिंता भी बारिश ने बढ़ाने का कार्य किया है। इस समय किसान की अगेती धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कुछ किसानों ने तो कटाई कर दी है लेकिन कुछ की कटाई अभी भी बाकी है। बारिश के बाद अब फसल का गिरना शुरू हो गया है। जिससे किसान चिंतित है। वहीं दूसरी ओर अधिकांश धान की फसल में अब दाना पड़ना शुरू हो चुका है। ऐसे में खेतों में खड़ी धान की फसल अगर गिर जाती है तो किसान को भारी नुकसान हो सकता है। क्योंकि इस वर्ष पहले ही किसान बौने पौधे की बीमारी से चिङ्क्षतत है। जिससे किसानों का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगर बारिश भी किसानों की अपेक्षाओं के विपरीत होती है तो किसानों का नुकसान अधिक बढ़ सकता है। उधर मौसम विशेषज्ञ भी 18 सितंबर तक मौसम के परिवर्तनशील रहने की संभावना जता रहे है। डॉ. अजीत कुमार का कहना है कि 18 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। किसानों को सलाह है कि इस दौरान वह न तो अपनी फसल की कटाई करें न ही स्प्रे। अधिकतम तापमान 25 से 35.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19.2 से 21.9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावनाएं है।