रादौर, 13 जनवरी (कुलदीप सैनी) : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा को सभी वर्गों के लोगों का भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। यह कहना है रादौर के निवर्तमान पार्षद व युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र लक्की का। लक्की अपने सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यात्रा करोड़ों किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं और महंगाई से त्रस्त आम जनता की आवाज बन रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि राहुल के समक्ष उन्होंने प्रदेश में दलितों पर हो रहे अत्याचार बारे अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर के निर्देशानुसार हल्का रादौर से उनके नेतृत्व में सैंकड़ों युवाओं ने इस यात्रा में भागीदारी निभाई।