रादौर, 17 जून (कुलदीप सैनी) : हरियाणा कांबोज सभा की एक बैठक शहीद उधम सिंह कांबोज धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में एक युवक द्वारा कांबोज समाज के प्रति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी डाले जाने पर रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की गई। जिसके बाद एक शिकायत रादौर पुलिस को देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष लालचंद कांबोज, प्रदीप चौधरी, सचिन कांजनू, जयप्रकाश कांजनू, अमित काम्बोज, अंकित हरिपुर, सुशील कांबोज, अखिल कांजनू, राजीव आर्य, हर्ष बकाना, अमित आर्य, पारस, अर्पित, मनीष कांबोज इत्यादि ने बताया कि घेसपुर कॉलोनी निवासी एक युवक ने कांबोज समाज के प्रति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। जिसमें समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई है। जिससे पूरे समाज को अपमानित करने का कार्य किया गया है। यह कार्य काफी निंदा जनक है। पूरी बिरादरी को इस प्रकार सोशल मीडिया के माध्यम से अपमानित करने का कार्य आपराधिक है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर युवक के खिलाफ संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो कांबोज समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने पर विवश हो जाएगा।