रादौर,16 मार्च (कुलदीप सैनी) : बुधवार को रोटरी क्लब की ओर से होली पर्व को लेकर पक्के घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ रोटरी के प्रधान डॉ. एससी सैनी व अन्य सदस्यों ने झाड़ू लगाकर किया। अभियान में रोटरी के सदस्यों व नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपना योगदान दिया। इस अवसर पर रोटरी प्रधान डॉ. एससी सैनी ने बताया कि शहर के पश्चिमी यमुना नहर किनारे स्थित पक्के घाट की पिछले 1 वर्ष से रोटरी क्लब की ओर से महीने के आखिरी शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाकर घाट को साफ रखने की मुहिम चलाई हुई है। उधर पक्के घाट नागेश्वर धाम के स्वामी महेशाश्रम ने कहा कि रोटरी क्लब की ओर से हर महीने घाट की सफाई कर प्रशंसनीय कार्य किया गया है। क्लब के इस अभियान से स्थानीय लोग जागरूक हुए है। अब घाट पर अभियान के चलते गंदगी नजर नहीं आती। इससे पहले घाट पर गंदगी के अंबार लगे रहते थे। घाट पर बहुत ज्यादा गंदगी के कारण तीज, त्यौहार पर आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना करना पड़ता था।