Home Ambala Today’s Radaur Headlines : पढ़िए रादौर की सभी मुख्य खबरें सिर्फ एक...
अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार, गैंग से जुड़े होने का आरोप
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : सीआईए-टू की टीम ने अंबाला-शामली हाईवे के पास से दो युवकों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पकड़े गए दोनों युवक काला राणा और नोनी राणा गैंग व उनसे जुड़े अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले युवकों के संपर्क में थे और आज भी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पकड़े गए युवकों की पहचान प्रिंस कुमार निवासी रंबा, जिला करनाल और अनुज कुमार उर्फ पंडित निवासी बीड़ अमीन, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस शिकायत में एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि वह अपराध शाखा-दो में तैनात है। जब उनकी टीम रादौर के बुबका चौक पर मौजूद थी तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उक्त आपराधिक गैंग से जुड़े दो युवक अवैध हथियारों के साथ निर्माणाधीन हाईवे के पास मौजूद है। जिन्हें हथियारों के साथ पकड़ा जा सकता है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। जिनकी पहचान प्रिंस व अनुज के रूप में हई। जांच के दौरान टीम को प्रिंस के पास से एक देसी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए। जबकि अनुज के पास से एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद हुए। जिसका वह कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि दोनो आरोपित परीक्षित उर्फ अमनी के साथ मिलकर गैंग के लिए काम करते हैं और व्यापारियों से फिरौती मांगने, धमकी देने और रकम नहीं मिलने पर फायरिंग करवाने जैसी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते है।
राझेड़ी आवर्धन नहर के पास से अवैध हथियार सहित युवक गिरफ्तार
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : आवर्धन नहर के राझेड़ी पुल के समीप से एवीटी सैल टीम ने युवक को अवैध हथियार के साथ पकड़ा है। पकड़े गए युवक की पहचान रोहित उर्फ सेठा निवासी भगवानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत मे सिपाही सुमित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त युवक आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। इस समय वह आवर्धन नहर के पास घूम रहा है। अगर तुरंत रेड़ की जाए तो उसे पकड़ा जा सकता है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां घूम रहे एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर वहां से भागने का प्रयास किया। लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया और उसकी जांच की। युवक की पहचान रोहित उर्फ सेठा के रूक में हुई। जांच में उसके पास से एक अवैध देसी देशी कट्टा व एक जिंदा रौंद बरामद हुआ।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को किसान संगठनों ने दिया समर्थन
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : हरियाणा में बिजली के निजीकरण को लेकर विरोध तेज हो गया है। वीरवार को रादौर में भी संयुक्त संघर्ष मोर्चे के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने तीन दिन की हड़ताल के मद्देनजर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों की इस मांग को विभिन्न किसान संगठनों ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर निजी कंपनियों को दिए गए बिजली वितरण के लाइसेंस रद्द नहीं किए गए, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जा सकता है। वही कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर प्रशासन भी अलर्ट नजर आया। रादौर बिजली कार्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस टीम तैनात की गई थी।
बिजली कर्मचारी नेता प्रवेश सैनी ने कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चे के आह्वान पर तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने निजी कंपनियों को दिए गए लाइसेंस रद्द नहीं किए, तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। प्रवेश सैनी ने कहा कि हड़ताल के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी खराबी या कटौती की जिम्मेदारी प्रशासन और हरियाणा सरकार की होगी, क्योंकि कर्मचारी इस अवधि में काम नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मुख्य मांग निजीकरण के लिए दिए गए लाइसेंस तुरंत रद्द करना है। वहीं, किसान नेता प्यारेलाल तंवर ने बिजली के निजीकरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा। किसान नेता प्यारेलाल तंवर ने बिजली मंत्री अनिल विज के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने हरियाणा बिजली नियामक आयोग के फैसले के खिलाफ अदालत जाने की बात कही थी। तंवर ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार निजी कंपनी को लाइसेंस दे रही है और दूसरी तरफ फैसले का विरोध करने की बात कहकर लोगों के गुस्से को शांत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, बीकेयू टिकैत के प्रचार मंत्री कुलविंदर सिद्धू ने कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी से बचने के लिए निजीकरण का रास्ता अपना रही है। इस अवसर पर किसान संगठनों से जुड़े किसान व बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर संगोष्ठी आयोजित
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : सीबीएसई के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल रादौर में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन पूजा कक्कड़ और कविता ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की मानसिक एवं भावनात्मक जरूरतों को समझने के लिए प्रशिक्षित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मानसिक स्वास्थ्य बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार में बदलाव पहचानने, उनकी समस्याओं को समझने और जरूरत पड़ने पर उचित मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रमन कुमार शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगोष्ठी से शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अधिक संवेदनशील बनने में मदद मिलेगी।
पुण्यतिथि पर विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को बांटी जरूरत की वस्तुएं
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : श्यामा पब्लिक स्कूल में सेठानी श्यामा देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सेवाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या मनीषा सासन, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों ने समूह गान प्रस्तुत कर उन्हें याद किया। पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में कक्षा तीसरी और चौथी के विद्यार्थियों को लाडवा स्थित वृद्धाश्रम ले जाया गया। यहां बच्चों ने बुजुर्गों को जरूरत की वस्तुएं भेंट की और उनके साथ समय बिताया। प्रधानाचार्या मनीषा सासन ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना और उनकी सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया अग्रसेन जयंती समारोह
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : शहर में अग्रसेन जयंती समारोह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हवन-यज्ञ और कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कीर्तन के दौरान महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और सामाजिक एकता के संदेश पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने जरूरतमंद परिवारों की मदद करने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और समाज में परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को जनकल्याण के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर अग्रवाल सभा रादौर की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज के हितों के लिए मिलकर कार्य करने और हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम में पवन गर्ग, सचिन गुप्ता, अमित गर्ग, तरुण गर्ग, विनय जिंदल, पंकज गुप्ता, हनी गर्ग, आयुष गर्ग, अनुभव अग्रवाल, राघव गुप्ता, साजन सिंगला, दीपक, हेमंत, राजेश, इशांत गर्ग, सरोज सिंगला, मंजू सिंगला और प्रीत गर्ग सहित अनेक अग्रबंधु मौजूद रहे।
जेएमआईटी में एआई और साइबर सुरक्षा की चुनौतियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित
रादौर, 22 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : जेएमआईटी कॉलेज के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ साइबर सुरक्षा की भविष्यगत चुनौतियां’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें सेड्यूलिटी सॉल्यूशंस एंड टेक्नोलॉजीज के सीईओ डॉ. अनूप गिरधर ने 145 से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. गिरधर ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस साइबर हमलों की पहचान और डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वहीं, साइबर अपराधी भी इसका इस्तेमाल फिशिंग, डेटा चोरी और अन्य ऑनलाइन अपराधों के लिए कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल डेटा की सुरक्षा और उभरते साइबर खतरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। संस्थान के निदेशक डॉ. एसके गर्ग ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है। ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से अवगत कराने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक हैं। इस अवसर पर डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. विकास जुनेजा, डॉ. नवदीप, डॉ. भावना शर्मा, डॉ. सविता खुराना, कपिल, मीनाक्षी, निशा, मोहित और ममता गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।