Home Ambala समाज के नाम पर चंदाखोरी पर बरसे देशराज कांबोज सहित पढ़े आज...


रादौर, 18 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : हरियाणा कंबोज महासभा के तत्वावधान में शहीद उधम सिंह कांबोज धर्मशाला में समाज की एकता एवं जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महासभा के प्रदेश प्रभारी देशराज कांबोज मुख्य अतिथि रहे। समाज के लोगों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मशाला प्रधान सुरेश दोहली ने की, जबकि मंच संचालन कमल चमरोड़ी ने किया। कार्यक्रम में धर्मशाला के निर्माण कार्य के लिए कमल चमरोड़ी और अनेज दामला ने एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, हरियाणा कंबोज महासभा की ओर से 21 हजार रुपये का सहयोग दिया जाएगा। एचसीएस परीक्षा में 71 वां रैंक हासिल करने वाले आर्यन कांबोज और अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित चिराग कांबोज को नगद राशि व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देशराज कांबोज ने समाज की संस्थाओं के नाम पर चंदा जुटाने और स्वार्थ साधने वाले लोगों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने समाज के आयोजनों को पैसा कमाने का अड्डा बना लिया है, जो बेहद निंदनीय है। वहीं, उन्होंने आगामी पंजाब चुनावों में समाज के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर देशराज कांबोज ने कहा कि यदि सरकार समाज की जायज मांगों और भागीदारी पर ध्यान नहीं देती है, तो कांबोज समाज के लोग आपस में विचार-विमर्श करके पंजाब चुनावों को लेकर उचित निर्णय लेंगे। मुख्य अतिथि देशराज कांबोज ने कहा कि शिक्षित और संगठित समाज ही सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। समाज की एकता मजबूत होने से ही राजनीति में उचित भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने समाज के लोगों से मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कांबोज समाज को दो चेयरमैन पद देने की मांग की और कहा कि समाज की अनदेखी होने पर पंजाब चुनाव को लेकर कड़ा निर्णय लिया जा सकता है। कमल कांबोज चमरोड़ी ने कहा कि राजनीतिक भागीदारी, शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता समाज की प्रगति के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर शिक्षा, अच्छे संस्कार और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की दिशा में काम करना चाहिए। इस अवसर पर सतीश दत्ताना, नंबरदार मेहर सिंह निर्मल फाजिलपुर, गोपाल कृष्ण अलाहर, सुभाष जयपुर, प्रदीप चौधरी, मायाराम अमलोहा, सतपाल कांबोज, सुलेख नंदपुरा, राजिंद्र रादौरी, विपिन चमरोड़ी, सीटू सरपंच, सीटू नंबरदार, डीएसपी मदन लाल, मास्टर राजपाल, संदीप रादौरी, जस्सी कम्बोज, अनिल दोहली व बलविंद्र कांबोज इत्यादि मौजूद रहे।
ब्राइट फ्यूचर एकेडमी में मनाया दशहरा उत्सव, बच्चों को दिए अच्छे संस्कारों के संदेश

रादौर, 18 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : ब्राइट फ्यूचर एकेडमी प्री-स्कूल में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से अवगत करवाते हुए बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक अमित राणा ने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही अच्छे संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना जरूरी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, अच्छे चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। निदेशक अजय शर्मा ने कहा कि दशहरा सच्चाई के मार्ग पर चलने और अच्छे कर्म करने की प्रेरणा देता है। बच्चों में बचपन से ही ईमानदारी, सहयोग और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करनी चाहिए। प्रिंसिपल अंजू शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
मून स्टार प्री स्कूल में धूमधाम से मनाया गया दशहरा

रादौर, 18 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : मून स्टार प्री स्कूल में दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थी भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी और माता रानी की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने रामलीला का मंचन किया और डांडिया व भजनों पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद रावण की आरती कर जय श्रीराम के जयकारों के बीच रावण दहन किया गया। मुख्य अध्यापिका रसमीन कौर ने बच्चों को दशहरे का महत्व बताते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने और बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी। कोऑर्डिनेटर रितु देवी ने सभी को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीतू, अनु, उमा, आंचल, शिवानी, वर्षा, सिमरन, बबीता, मीनू, रानी, शुभम और कृष्ण ने सहयोग दिया।
भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर निकाली शोभायात्रा

रादौर, 18 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के पावन अवसर पर रविवार को राजेंद्र दास की अध्यक्षता में भगवान वाल्मीकि जी की शोभायात्रा निकाली गई। जिला पार्षद वाइस चेयरमैन अग्नि विजय ने रिबन काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा रादौर से शुरू होकर पोटली, खुर्दबन, ठसका, गुमथला सहित विभिन्न गांवों से होते हुए धौलरा गांव में संपन्न हुई। इस अवसर पर राजेंद्र दास ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समाज को सत्य, समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी भाईचारा मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया। शोभायात्रा में कर्मबीर पोटली, संदीप खुर्दबन, मनोज नाहरपुर, प्रवीण रादौर, रवि बापौली, अमित राझेड़ी, दिलीप कंडारा, शोभित दोहली, अंशुल, मनीष, सतपाल, दर्शन, पंडित राकेश, पंडित सतीश, रोहित राझेड़ी, नीरज, मोनू लाल छप्पर और सचिन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।