हरियाणा में 1 अक्टूबर से शुरू होगी धान की सरकारी खरीद – कृषि मंत्री राणा

18

चंडीगढ़, 15 सितंबर (कुलदीप सैनी)। हरियाणा में 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली धान की सरकारी खरीद को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कृषि विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन सहित धान खरीद से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ के आधार पर होगी खरीद

सरकार ने इस बार भी धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए तकनीकी व्यवस्था लागू की है। ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत और सत्यापित किसानों से ही धान की खरीद की जाएगी। मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों का जियोफेंसिंग के माध्यम से सत्यापन करने के बाद गेट पास जारी किए जाएंगे।

किसान द्वारा पोर्टल पर दर्ज फसल के विवरण और संबंधित क्षेत्र की निर्धारित औसत उपज के मिलान के बाद ही फसल की अंतिम खरीद स्वीकृत होगी।

किसानों के खाते में सीधे पहुंचेगा भुगतान

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेट पास जारी होने से लेकर फसल की तुलाई और बिक्री के बाद किसान के बैंक खाते में भुगतान पहुंचने तक पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रखी जाए। सरकार का उद्देश्य किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है।

रबी सीजन के लिए भी तैयारियां शुरू

बैठक में आगामी रबी सीजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को गेहूं की बुआई के समय किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की कमी न होने देने के लिए अग्रिम स्टॉक तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।