Radaur Today News Update – पढ़िए एक मिनट में रादौर की आज की बड़ी खबरें

1

ग्लोब हेरिटेज स्कूल ने 62 पदक जीतकर ओवरऑल ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

रादौर, 23 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : ग्लोब हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने इंटर स्कूल एथलेटिक चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 स्वर्ण, 24 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 62 पदक जीतकर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता का आयोजन पी.एम. श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इंद्री में किया गया। विद्यालय के खेलकूद विभाग के अध्यापक विजय कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। स्कूल पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या रीतू सिंगला ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

ग्रिम्ट में तीन दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम संपन्न

रादौर, 23 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : ग्लोबल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (ग्रिम्ट) में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुक्रवार को समापन हुआ। तीन दिन चले इस कार्यक्रम में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, साक्षात्कार तकनीक और समय प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक ईश शर्मा ने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी दक्षताएं विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रभावी संचार, सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज, प्रस्तुतीकरण कौशल, साक्षात्कार की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण और प्राथमिकताओं के अनुसार समय प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्य अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शैक्षणिक योग्यता के साथ प्रभावी संचार, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने करियर में सफलता हासिल कर सकें।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर स्कूल में हुआ रचनात्मक गतिविधि का आयोजन 

रादौर, 23 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) :  महाराजा अग्रसेन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल गुमथला राव में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रचनात्मक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से चौथी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर दीये बनाकर उन पर आकर्षक चित्रकारी की और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुदेश बंसल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर समाज को सत्य, त्याग और सदाचार का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विशा कंबोज, अर्चना, भावना, सुषमा, अंबिका, खुशबू, रजनीश, निशा, सुमन, दिव्या, अरुण, अभिषेक, मोनिका, नीलम, वंशिका और रजनी सहित विद्यालय के अध्यापक मौजूद रहे।

बिजली निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

रादौर, 23 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) :  बिजली निजीकरण के विरोध में संयुक्त संघर्ष मोर्चे के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार से निजीकरण का फैसला वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन को किसान सहित अन्य संगठनों ने भी समर्थन दिया।                कर्मचारी नेता राजेश कांबोज और प्रवेश सैनी ने कहा कि बिजली के निजीकरण से किसानों को मिलने वाली सस्ती बिजली महंगी हो सकती है और घरेलू बिजली की दरों में भी बढ़ोतरी का असर आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि निजीकरण से युवाओं के रोजगार के अवसर भी प्रभावित होंगे। कर्मचारियों ने सरकार से इस फैसले को तुरंत रद्द करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। वहीं, कर्मचारी नेता संटी कुमार ने बिजली कटौती और हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर लाइनें काटने के लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने इसे सरकार का निराधार दुष्प्रचार बताते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों और आम जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न आएं और कर्मचारियों की मांगों को समझें।

नेपाल सिंह राणा के हस्तक्षेप से शांत हुआ बिजली कटौती को लेकर लोगों का रोष 

रादौर, 23 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) :  बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में कई घंटे बिजली गुल रहने से परेशान लोगों ने शुक्रवार सुबह नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता की अध्यक्षता में बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर रोष प्रदर्शन किया। लोगों ने हड़ताल के बावजूद बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के पर्याप्त इंतजाम न होने पर शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार अशोक कुमार और वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। इसके बाद निगम के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर बिजली लाइनों का निरीक्षण किया और एक-एक करके फीडर चालू करने की प्रक्रिया शुरू करवाई। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। नेपाल सिंह राणा ने कहा कि सरकार और सभी विभाग जनहित के लिए प्रतिबद्ध हैं। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों को आम जनता की परेशानियों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार किया गया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की तरक्की के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र का मिलकर काम करना जरूरी है।  राणा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के खिलाफ नहीं है और उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने को तैयार है। उन्होंने बिजली कर्मचारियों से अपील की कि वे जनता की परेशानी को समझते हुए बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।