धान खरीद पर कृषि मंत्री राणा का बड़ा बयान, बोले- किसानों को नहीं होगी परेशानी

1

चंडीगढ़, 12 अक्टूबर(कुलदीप सैनी)। हरियाणा में खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के तहत धान की खरीद जारी है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के अनुसार, 11 अक्टूबर तक प्रदेश की मंडियों में करीब 17.25 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 10.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। खरीदे गए धान में से 4.19 लाख मीट्रिक टन का उठान भी किया जा चुका है।

मंत्री ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 278 मंडियां, खरीद केंद्र और अतिरिक्त खरीद स्थल बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, पानी की निकासी और हेल्प डेस्क जैसी सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं।

58 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य

श्याम सिंह राणा ने बताया कि केंद्र सरकार ने हरियाणा के लिए इस सीजन में 58 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। धान की सरकारी खरीद 29 सितंबर से शुरू की गई थी, जो 15 नवंबर 2026 तक चलेगी।

केंद्र सरकार ने धान (कॉमन) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और धान (ग्रेड-ए) का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। खरीद कार्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा किया जा रहा है।

1,415 राइस मिलरों ने कराया पंजीकरण

मंत्री के अनुसार, 10 अक्टूबर तक प्रदेश में 1,415 राइस मिलरों ने कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) कार्य के लिए पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष 1,458 राइस मिलर इस कार्य में शामिल हुए थे। इस सीजन में भारतीय खाद्य निगम को 32.5 लाख मीट्रिक टन सीएमआर की डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है।

धान में नमी की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत धान की कटाई को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किए गए हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और मंडियों में खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।