Home Ambala रादौर समाचार : पढ़े एक मिनट में रादौर की आज के मुख्य...
1 नवंबर से रादौर में शुरू होगा सांसद खेल महोत्सव 2.0 : नेपाल सिंह राणा

रादौर, 17 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2.0 का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा ने शनिवार को अपने निवास पर महोत्सव का पोस्टर जारी किया। विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 20 नवंबर तक और लोकसभा स्तर के मुकाबले 7 से 16 दिसंबर तक होंगे। महोत्सव में 11 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। टीम स्पर्धाओं में विधानसभा स्तर पर विजेता को 50 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये मिलेंगे। लोकसभा स्तर पर विजेता टीम को एक लाख, उपविजेता को 50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग तथा सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी भाग ले सकेंगे। पंजीकरण ऑनलाइन, क्यूआर कोड या संबंधित विधानसभा के आयोजकों के माध्यम से करवाया जा सकता है।
एएसआई नरेंद्र कुमार का हृदय गति रुकने से निधन

रादौर, 17 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : हरियाणा पुलिस में कार्यरत एएसआई नरेंद्र कुमार (46) का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह थाना जठलाना में सेवाएं दे रहे थे। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे जब वे नरेंद्र कुमार को उठाने पहुंचे तो वह नहीं उठे। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नरेंद्र कुमार वर्ष 2001 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। वह दो बेटियों और एक बेटे के पिता थे। गमगीन माहौल में पुलिस टुकड़ी ने उन्हें शोक सलामी दी और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन पर पुलिस विभाग और क्षेत्र की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने शोक व्यक्त किया।
भारत को जानो प्रतियोगिता में स्टार वे स्कूल के चार विद्यार्थी प्रथम

रादौर, 17 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित भारत को जानो प्रतियोगिता में स्टार वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फतेहगढ़ के चार विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में तानिया और सार्थ सैनी, जबकि सीनियर वर्ग में भाव्या रानी और एकता प्रथम रहे। अब ये विद्यार्थी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रबंधक नरेंद्र सैनी और संजय सैनी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने के साथ उन्हें देश के इतिहास और संस्कृति से परिचित कराती हैं। इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
महाराजा अग्रसेन स्कूल में धूमधाम से मनाया दशहरा व गरबा उत्सव

रादौर, 17 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : महाराजा अग्रसेन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, गुमथला राव में शनिवार को दशहरा और गरबा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। विशा कांबोज की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के विवाह और वनवास से संबंधित झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चे श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान और भरत सहित विभिन्न पात्रों की वेशभूषा में पहुंचे। पारंपरिक परिधानों में विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य भी किया। अध्यापिका अंबिका ने विजयादशमी के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। प्रधानाचार्य डॉ. सुदेश बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
पर्ल किंडरगार्टन विंग में धूमधाम से मनाया दशहरा उत्सव

रादौर, 17 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : पर्ल किंडरगार्टन विंग में दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक रावण दहन की जगह विशालकाय बैलून रावण बनाया गया, जिसे बच्चों ने टूथपिक से फोड़कर उत्सव का आनंद लिया। इस गतिविधि के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान सहित विभिन्न पात्रों की वेशभूषा धारण की। विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत किए और दशहरे के महत्व पर पांच व दस पंक्तियां सुनाईं। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, नारी शक्ति तथा शिक्षा के जरिए बाल श्रम और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का संदेश दिया गया। प्रधानाचार्या स्वाति गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता बढ़ाते हैं।