हरियाणा में मिठाई-दूध खरीदने से पहले रहें सावधान! हर जिले में लिए जाएंगे सैंपल

2

दीपावली और छठ पूजा पर मिठाई, दूध, पनीर व खोया की होगी जांच; छह माह में 2,428 नमूनों में से 381 मानकों पर खरे नहीं उतरे

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर। हरियाणा में दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को प्रत्येक जिले में 100 से 150 अतिरिक्त सर्विलांस नमूने लेने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों, दूध विक्रेताओं और प्रमुख बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन की निगरानी में विशेष खाद्य निगरानी दल गठित किए जाएंगे। ये दल मिठाई, दूध, पनीर, खोया, घी और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजेंगे। निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छह माह में लिए गए 2,428 खाद्य नमूने

डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 2,428 खाद्य नमूने लिए गए। इनमें 1,239 प्रवर्तन और 1,189 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। प्रयोगशाला जांच में 232 प्रवर्तन और 149 सर्विलांस नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस प्रकार कुल 381 नमूनों में मानकों से संबंधित खामियां मिलीं। संबंधित मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की गई है।

साप्ताहिक पोर्टल पर अपलोड होगी रिपोर्ट

खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला जांच रिपोर्टों तथा की गई कार्रवाई का विवरण प्रत्येक सप्ताह विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अधिकारियों को नमूनों की जांच और रिपोर्ट की समीक्षा समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्विलांस नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने की स्थिति में जरूरत के अनुसार नियमानुसार अलग से प्रवर्तन नमूना लेकर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आमजन से खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहने और विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की है। उन्होंने मिलावट या असुरक्षित खाद्य पदार्थों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया। वहीं, खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने को कहा गया है।