रादौर के गोगामेड़ी मेले को लेकर 17 सितंबर का दिन खास, नगरपालिका ने की बड़ी तैयारी

3

रादौर, 15 सितंबर (कुलदीप सैनी)। ऐतिहासिक जाहरवीर गोगामेड़ी मेले के आयोजन को लेकर रादौर नगरपालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता ने बताया कि मेले के ठेके के लिए 17 सितंबर को सुबह 10 बजे नगरपालिका कार्यालय में बोली करवाई जाएगी। यदि किसी ठेकेदार द्वारा बोली नहीं लगाई जाती है तो इसके बाद सुबह 11 बजे मेले में लगने वाले प्लॉटों की अलग-अलग नीलामी करवाई जाएगी।

चेयरमैन रजनीश मेहता ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगरपालिका की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मेले में लाइटिंग एवं सजावट के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा मोबाइल टॉयलेट, सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। नगरपालिका की ओर से मेले की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

इस अवसर पर नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक, एमई संदीप शर्मा, लेखाकार नीरज काम्बोज, आदित्य काम्बोज, कपिल काम्बोज और सुमित बैंस सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।