Home Ambala CM सैनी का महिलाओं को बड़ा तोहफा, लाडो लक्ष्मी योजना में बढ़ी...
चंडीगढ़, 17 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को महेंद्रगढ़ में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। योजना के दूसरे चरण में अब 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी 2100 रुपये प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। पहले चरण में 1 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की 10 लाख से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है। आय सीमा बढ़ाए जाने के बाद करीब 17 लाख और महिलाओं को इसका लाभ मिलने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को देशसेवा और त्याग के लिए नमन किया। उन्होंने 3,396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को खेल गतिविधियों के लिए 1-1 लाख रुपये की दर से कुल 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि भी जारी की।
SEVA First Innovation Challenge का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने SEVA First Innovation Challenge का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों, पेशेवरों, शोधकर्ताओं, जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों और आम नागरिकों को अपने अभिनव विचार, तकनीक, उत्पाद और समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि हर जिले से चयनित सर्वश्रेष्ठ नवाचार को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं राज्य स्तर पर चयनित शीर्ष तीन नवाचारों को 5-5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और विशेष राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।
64,783 श्रमिकों के खातों में 48.91 करोड़ रुपये जारी
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थानों में कार्यरत 64,783 श्रमिकों के बैंक खातों में विभिन्न योजनाओं के तहत 48 करोड़ 91 लाख रुपये की राशि जारी की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेशवासियों, विशेषकर कारीगरों, शिल्पकारों और श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय संस्कृति में सृजन, शिल्प, कौशल और निर्माण के देवता माने जाते हैं। उनकी आराधना मेहनत, ईमानदारी, कुशलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती है।
‘मेरा हुनर, मेरी पहचान’ से सशक्त होगा कारीगर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के कारीगरों, शिल्पकारों और श्रमिकों का हरियाणा के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज ऑटोमोबाइल, आईटी और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। आधुनिक राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलमार्गों और मेट्रो जैसी सुविधाओं के विस्तार में मेहनतकश कारीगरों और श्रमिकों की भूमिका अहम रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हुनर को सम्मान, मेहनत को पहचान और कारीगरों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा हुनर, मेरी पहचान’ की भावना के साथ कारीगरों को सशक्त बनाया जा रहा है।
पीएम विश्वकर्मा योजना से कारीगरों को कौशल प्रशिक्षण और ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट और बिना जमानत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 500 रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाता है। इसके अलावा उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार तक पहुंच बनाने में सहायता दी जाती है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में योजना के तहत 41,366 आवेदक पंजीकृत हुए हैं। इनमें से 30,655 कारीगरों का कौशल प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और करीब 12 हजार कारीगरों को टूलकिट उपलब्ध कराई गई हैं। करीब 6 हजार कारीगरों को 56 करोड़ रुपये के ऋण दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलवल के दुधौला में स्थापित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक विशिष्ट मॉडल के रूप में विकसित हो रहा है।
सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है। इसी सेवाभाव से प्रेरित होकर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास से जुड़ी गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने महेंद्रगढ़ के कैंची चौक पर महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा के अनावरण का भी उल्लेख किया और कहा कि यह प्रतिमा भावी पीढ़ियों को साहस, स्वाभिमान, पराक्रम और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।
पिछड़े वर्गों के लिए शिक्षा ऋण और अन्य योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पिछड़े वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पिछड़े वर्ग के परिवारों के बच्चों को देश में उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक और विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अलावा छात्रवृत्ति योजनाओं और डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के माध्यम से भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
निर्माण श्रमिकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत निर्माण श्रमिकों के लिए 3,976 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत निर्माण कामगारों को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3,500 रुपये पेंशन दी जा रही है। दिव्यांगता पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये की गई है और 60 वर्ष की आयु के बाद 1,000 रुपये अतिरिक्त राशि का प्रावधान है। कार्यस्थल पर दुर्घटना से अपंगता होने पर 1.50 लाख से 3 लाख रुपये तक आर्थिक सहायता तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत परिवार को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है।
उन्होंने बताया कि सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावित श्रमिकों के पुनर्वास के लिए भी नीति लागू की गई है, जिसके तहत अब तक करीब 38 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कारीगरों को सम्मान देने की बात कही
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती निर्माण, कर्म, हुनर और मेहनत का संदेश देती है। देश और प्रदेश की प्रगति में कारीगरों, श्रमिकों और हुनरमंद लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प हर हुनर को सम्मान, हर मेहनत को पहचान और हर हाथ को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
उन्होंने महेंद्रगढ़ को वीरों की धरती बताते हुए नसीबपुर में प्रस्तावित शहीद स्मारक की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्मारक को लेकर दो बैठकें हो चुकी हैं और इसकी ड्राइंग भी स्वीकृत हो चुकी है।
आरती सिंह राव ने बताया कि सतनाली में अस्पताल निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है और जुलाई 2027 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। महेंद्रगढ़ के उपमंडल अस्पताल के लिए करीब 23 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा करीब 135 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए आभार जताया। इस अवसर पर उन्होंने सभा के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के निर्माण, वास्तु और शिल्प के देवता हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के नव-निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण केवल ईंट-पत्थर से नहीं, बल्कि कौशल, परिश्रम, कल्पना और संकल्प से होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, डिजिटल परिवर्तन, आत्मनिर्भरता और बुनियादी ढांचे के विस्तार जैसे क्षेत्रों में विभिन्न पहलें हुई हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह और विधायक कंवर सिंह यादव ने भी संबोधित किया तथा मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की मांगें रखीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक ओपी यादव, उमेद पातुवास, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।