
अमेरिका भेजने के नाम पर 40 लाख की ठगी का आरोप, तीन पर केस दर्ज
रादौर, (कुलदीप सैनी) : अमेरिका भेजने और वहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में रादौर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता गांव जुब्बल निवासी मांगेराम का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और पैसे लेने के बावजूद उसे अमेरिका नहीं भेजा। पुलिस ने आरोपित भीषम सिंह, अरुण मलिक, संदीप सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मांगेराम ने बताया कि वह अपने बेटे दीक्षित तोमर के काम की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात उसके रिश्तेदार के माध्यम से उक्त आरोपितों से हुई। उन्होंने हमें बताया कि वह उसके बेटे को अमेरिका में भेज देंगे और नौकरी भी दिला देगें। इस काम के लिए उन्होंने मेरे से 40 लाख रूपए की बात तय की। लेकिन आरोपितों ने उसके बेटे को अमेरिका भेजने की बजाय किसी अन्य देश में भेज दिया। वहां से अमेरिका भेजने के नाम पर भी वह उनसे लगातार पैसे लेते रहे। लेकिन उन्होंने उसके बाद भी दीक्षित को अमेरिका नहीं भेजा। जिससे परेशान होकर मैंने अपने बेटे को वापिस बुला लिया। जब मैंने आरोपितों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने मेरे पैसे वापिस करने की बजाए मुझे जान से मारने की धमकी दी।
विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
रादौर, (कुलदीप सैनी) : शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर रजिस्टर्ड की ओर से शुक्रवार को गांव खजूरी स्थित श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी सुनील कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि स्कूल अध्यक्ष महिपाल सिंह राणा और एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर डीएसपी सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। एंटी नारकोटिक्स सेल के एसआई सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस गांव-गांव जाकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है। सिविल अस्पताल यमुनानगर से पहुंचे रिंकू सिंह ने विद्यार्थियों को नशे की लत से बाहर निकलने के लिए उचित मार्गदर्शन और चिकित्सा सहायता लेने की जानकारी दी। क्लब अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि शिवाजी प्रेस क्लब अब तक रक्तदान शिविर, पौधारोपण, नशा मुक्ति जागरूकता और स्वच्छता अभियान सहित आठ सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर चुका है। कार्यक्रम में क्लब से जुड़ पत्रकार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बेसहारा गोवंश को गोशालाओं में भेजने के लिए चलाया जाएगा अभियान : रामचंद्र कांबोज
रादौर, (कुलदीप सैनी) : हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कांबोज का शहीद उधम सिंह कांबोज धर्मशाला रादौर पहुंचने पर धर्मशाला के प्रधान वेद प्रकाश कांबोज और शहीद उधमसिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान सुरेश कांबोज दोहली ने फूल मालाओं व पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर चेयरमैन रामचंद्र कांबोज ने बताया कि प्रदेश में घूम रहे लावारिस व बेसहारा गोवंश को अभियान चलाकर गोशालाओं में पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रदेश की गौशालाओं का दौरा कर उनके बेहतर संचालन और गोवंश के संरक्षण के लिए सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज में एकता और भाईचारा मजबूत करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर कांबोज सभा के जिला मीडिया प्रभारी अमित कांबोज सहित धर्मशाला प्रबंधक कमेटी, चेरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य और कांबोज समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर 18 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा
रादौर, (कुलदीप सैनी) : भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में 18 अक्तूबर को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर रादौर कैनाल रेस्ट हाउस में वाल्मीकि समाज की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राजेंद्रदास बापौली ने की। बैठक में सर्वसम्मति से शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। राजेंद्र बापौली ने बताया कि शोभायात्रा सुबह आठ बजे ओढ़ कॉलोनी स्थित वाल्मीकि मंदिर से शुरू होगी। यह पोटली, खुर्दबन, ठसका, गुमथला, जठलाना, नाहरपुर, मंडेबर, बापौली सहित विभिन्न गांवों और स्थानों से होते हुए रादौर के वार्ड नंबर 13 में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसके माध्यम से भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस का संदेश दिया जाएगा।
जेएमआईईटीआई में विद्यार्थियों को बताए शिक्षा में एआई के उपयोग
रादौर, (कुलदीप सैनी) : जेएमआईईटीआई के बीसीए विभाग की ओर से शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें ग्लास्को लैब्स प्राइवेट लिमिटेड, अंबाला के वरिष्ठ अभियंता रजनीश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की आधुनिक तकनीकों और शिक्षा में उनके उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई से विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और रुचिकर बनाया जा सकता है। स्मार्ट लर्निंग, व्यक्तिगत शिक्षण और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के माध्यम से शिक्षा को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान और कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. तेजिंदर कुमार ने अतिथि वक्ता का आभार जताया। कार्यक्रम के आयोजन में मोहित कुमार वशिष्ठ का योगदान रहा। संस्थान के निदेशक डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में एआई का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए जरूरी है और ऐसे आयोजन उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।