फतेहगढ़ तुम्बी में जनता दरबार: एडीसी नवीन आहूजा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

2

यमुनानगर, 21 सितंबर। उपमंडल व्यासपुर के गांव फतेहगढ़ तुम्बी में जिला प्रशासन की ओर से जनता दरबार एवं रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में व्यासपुर उपमंडल के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, गंदे पानी की निकासी, पक्के मकान, राजस्व, पेंशन, परिवार पहचान पत्र, स्वच्छता और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। एडीसी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही कार्रवाई की स्थिति की जानकारी ली।

योजनाओं के स्टॉल का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अतिरिक्त उपायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण भी किया।

रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए नवीन आहूजा ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को मजबूत करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान से जुड़कर समाजहित के कार्यों में भागीदारी करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर सड़क और जल निकासी की शिकायतें

जनता दरबार में फतेहगढ़ तुम्बी की बब्ली देवी और पूजा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध करवाने की मांग रखी। कुराली निवासी दिलबाग सिंह ने सीएम विंडो पर शिकायत की गलत रिपोर्ट दाखिल करने और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर फसल खराब किए जाने की शिकायत रखी।

रामगढ़ माजरा के ग्रामीणों ने स्थानीय बैंक के माध्यम से पेंशन उपलब्ध करवाने तथा रामगढ़ माजरा से तुम्बी जाने वाली सड़क से शराब का ठेका हटवाने की मांग की। फतेहगढ़ तुम्बी के राम सिंह ने गंदे पानी की निकासी, जबकि सुखबीर ने परिवार पहचान पत्र और लाडो लक्ष्मी योजना से संबंधित समस्या रखी।

इसके अलावा परभौली निवासी नूर मोहम्मद ने रास्ता रोकने और न्यायालय के आदेशों के उल्लंघन की शिकायत की। मुकर्रम ने परिवार पहचान पत्र से कार हटवाने, साहब सिंह ने पेड़ कटवाने, बांसेवाला के सरपंच नरेश कुमार ने एफआईआर पर कार्रवाई करवाने तथा नीरज कुमार ने गांव के गंदे नाले का पानी खेतों में जाने से रोकने की मांग रखी।

समर सिंह ने घर के गंदे पानी की निकासी, कपूरी कलां के अमरजीत सिंह ने श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर पुलिया निर्माण, रविन्द्र ने बीपीएल कार्ड दोबारा चालू करवाने, शकुंतला रानी ने परिवार पहचान पत्र में आय दुरुस्त करवाने, मोहित ने नालियों की सफाई और सुनील कुमार ने बस स्टैंड पर बसें रुकवाने की समस्या रखी।

समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को भी समाधान की जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने अधिकारियों से कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है और शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान में मदद मिलती है।

जनता दरबार के दौरान व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने अपना आधार कार्ड भी अपडेट करवाया।

इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, बीडीपीओ शबनम रेहलान, खंड शिक्षा अधिकारी नरेश पाल, सिंचाई विभाग के एक्सईएन सुरेंद्र कुमार, बिजली विभाग के एक्सईएन जसमीत सिंह, पब्लिक हेल्थ के एसडीई जफर इकबाल, फतेहगढ़ तुम्बी के सरपंच बलदेव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।