JMIT में युवा संसद का अनोखा आयोजन, सत्ता पक्ष-विपक्ष बनकर विद्यार्थियों ने की बहस

3

रादौर, 22 सितंबर (कुलदीप सैनी)। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से जेएमआईटी कॉलेज में मुकंद युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रबंधन विभाग की ओर से किया गया, जिसमें अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पिहोवा और यमुनानगर क्षेत्र के 14 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका में नजर आए विद्यार्थी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के निदेशक प्रो. सिद्धार्थ शंकर भारद्वाज रहे। विद्यार्थियों ने भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत करते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाई। इस दौरान गृह, वित्त, रक्षा, कृषि, रेल, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई।

विद्यार्थियों ने केंद्रीय बजट, कर सुधार, यूपीआई, रक्षा बजट, कृषि एवं खाद्य महंगाई, रेलवे के डिजिटलीकरण, यमुना एवं भूजल, शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न मुद्दों पर तर्कपूर्ण ढंग से अपने विचार रखे।

विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना

जेएमआईटी के निदेशक डॉ. एस.के. गर्ग ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की सोच, ऊर्जा और रचनात्मक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जेएमआईईटीआई के निदेशक डॉ. विवेक शर्मा ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की।

“ऐसे आयोजनों से नेतृत्व क्षमता विकसित होती है”

प्रबंधन विभाग की अध्यक्षा डॉ. अनुजा गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास, तार्किक सोच और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने में सहायक होते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को सामाजिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में एम.एल.एन. कॉलेज एवं जेएमआईईटीआई सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। संस्थान के डीन, रजिस्ट्रार, विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। बीबीए इंचार्ज राहुल शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।