Home Ambala किसानों के लिए बड़ी खबर! धान-बाजरा खरीद को लेकर कृषि मंत्री ने...
यमुनानगर, 22 सितंबर (कुलदीप सैनी)। प्रदेश में धान एवं बाजरे की खरीद व्यवस्था को लेकर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने वरिष्ठ अधिकारियों और प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडियों की तैयारियों, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं, फसल की खरीद, उठान और भंडारण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
“मेरी फसल-मेरा ब्यौरा में पंजीकरण की समस्या का समय पर करें समाधान”
मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करवाने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। मिसमैच से जुड़े मामलों का भी समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो।
“मंडियों में बारदाना, तौल कांटे और नमी जांच उपकरण पर्याप्त हों”
कृषि मंत्री ने कहा कि धान एवं बाजरे की खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। मंडियों में बारदाना, तौल कांटे, नमी जांचने के उपकरण, बिजली, पेयजल, सफाई, शेड, अटल कैंटीन, पार्किंग और सीसीटीवी कैमरों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं।
उन्होंने खरीद के बाद फसल के उठान और भंडारण की व्यवस्था भी प्रभावी रखने के निर्देश दिए, ताकि मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव न हो। तुलाई, गुणवत्ता जांच, बारदाने की उपलब्धता और उठान की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
“दूसरे राज्यों से आने वाली फसल की खरीद पर रखें रोक”
मंत्री राणा ने जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि प्रदेश की सीमाओं से लगते अन्य राज्यों से आने वाले धान और बाजरे की खरीद पर रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मंडियों में किसानों और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे धान और बाजरे की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण उन्हें परेशानी न हो।
“किसानों की सुविधा जिला प्रशासन की प्राथमिकता”
उपायुक्त प्रीति ने संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन के दौरान मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, किसानों के बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। खरीद एजेंसियों और विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करते हुए मंडियों में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करें।
उपायुक्त ने मंडियों और खरीद केंद्रों पर नियमित निरीक्षण करने तथा खरीद और उठान की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कृषि उप निदेशक डॉ. आदित्य प्रताप डबास, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डीएफएससी नितिन सिंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।