Home Ambala धान खरीद से पहले यमुनानगर की 13 मंडियां तैयार, जानें MSP और...
यमुनानगर, 17 सितंबर। हरियाणा में आगामी 1 अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी। उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय के सभागार में धान खरीद को लेकर एसडीएम और संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मंडी बोर्ड के सचिवों से उनकी संबंधित मंडियों में की गई तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सभी मंडियों में धान खरीद के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पूरी सजगता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।
वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सामान्य किस्म के लिए 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए किस्म के लिए 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान खरीद को लेकर यमुनानगर जिले की सभी 13 मंडियों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंडियों में पेयजल, बिजली और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
उपायुक्त ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि मंडियों में खरीदे गए धान के समय पर उठान के लिए पर्याप्त संख्या में परिवहन ट्रकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंधित एसडीएम को मंडियों में पेयजल, बिजली, सफाई और सड़कों की मरम्मत सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मंडियों के गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा कैंटीन का औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। कृषि विभाग और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को कहा गया कि किसानों की फसल की खरीद ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर दर्ज विवरण के अनुसार ही की जाए।
किसानों की फसल की समय पर खरीद और उठान सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त ने सभी मंडी सचिवों को संबंधित आढ़तियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि धान की तुलाई के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल समय पर खरीदी जाए और खरीद के बाद उसका तत्काल उठान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सरकार के नियमों के अनुसार किसानों को उनकी फसल की अदायगी समय पर मिले। उपायुक्त ने किसानों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान फसल को पर्याप्त रूप से सुखाकर मंडी में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण उन्हें परेशानी न हो और फसल का उचित मूल्य मिल सके।
बैठक में एडीसी नवीन आहूजा, एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, डीएफएससी नितीश सिंगला, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा, मार्केट कमेटी के सचिव, विभिन्न मंडियों के सचिव तथा धान खरीद एवं उठान से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।