PM मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान, रादौर में ग्रामीणों से मंत्री राणा ने की ये अपील

1

रादौर, 17 सितंबर (कुलदीप सैनी)। मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने, सच्चे सेवा भाव को बढ़ावा देने तथा समाज सेवा और सहयोग की दिशा में किए जाने वाले कार्य ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य हैं। यह बात हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने विधानसभा रादौर के विभिन्न गांवों के दौरे के दौरान कही।

श्याम सिंह राणा ने तिगरा, अकालगढ़, कलानौर, कामी माजरा, दामला, रेतगढ़, हरनौल, कांसापुर और कांसली सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और बुके देकर स्वागत किया।

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत जरूरतमंदों की मदद की अपील

कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान की पहली कड़ी ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। छोटे-छोटे सहयोग से किसी परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

राणा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं और समाज में आपसी भाईचारे एवं सेवा की भावना को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसके जीवन में आशा का प्रकाश फैलाना ही सच्ची मानव सेवा है।

उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए शाम को सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत एक दीप जलाने का आह्वान किया।

किसानों के हित में योजनाओं का किया उल्लेख

कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है और हरियाणा में किसानों की अधिकांश फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

25 सितंबर को रादौर में मनाई जाएगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

श्याम सिंह राणा ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर 2026 को अनाज मंडी रादौर में सुबह की सैर कार्यक्रम के रूप में मनाई जाएगी। उन्होंने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, सरपंचों और ग्रामीणों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय की भावना के पक्षधर थे और उनका उद्देश्य समाज के गरीब एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंत्योदय की नीति के तहत कार्य कर रही हैं।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

दौरे के दौरान कृषि मंत्री ने विभिन्न गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नाहरपुर मंडल के भाजपा मंडलाध्यक्ष आदेश राणा, मंडल उपाध्यक्ष अनिल सैनी, सचिव हरीश गांधी, वरिष्ठ भाजपा नेता चरण सिंह, तिगरा के सरपंच कमल, नसीम खान सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, विभिन्न गांवों के सरपंच और ग्रामीण मौजूद रहे।