जठलाना अनाज मंडी से धान के कट्टे चोरी, सहित पढ़े आज के मुख्य समाचार

1

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : जठलाना अनाज मंडी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रात्रि के समय चोरों ने बंसल ट्रेडर्स की दुकान से धान के पांच कट्टे चोरी कर लिए। चोरी की घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें तीन युवक धान के कट्टे ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आढ़ती एसोसिएशन ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि मंडी में पिछले कई दिनों से धान के कट्टे चोरी हो रहे हैं। इससे पहले भी विभिन्न दुकानों से करीब 32 कट्टे चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से आढ़तियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और दुकानदारों में रोष है। उन्होंने जठलाना पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

जेएमआईटी में ‘गूगल की कार्य संस्कृति’ पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : जेएमआईटी कॉलेज के प्रबंधन विभाग द्वारा ‘गूगल की कार्य संस्कृति’ विषय पर ऑनलाइन विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक कंपनियों की कार्यप्रणाली, आधुनिक कार्य संस्कृति और करियर के अवसरों से अवगत करवाना था। सत्र के मुख्य वक्ता गूगल बेंगलुरु एवं आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र सॉफ्टवेयर इंजीनियर दीपक कुमार ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने गूगल की कार्य संस्कृति, नवाचार, टीमवर्क, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और वितरित प्रणालियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक डॉ. एस. के. गर्ग ने कहा कि ऐसे सत्र विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं। वहीं, प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुजा गोयल ने कहा कि विशेषज्ञों के साथ संवाद से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और करियर की नई भावनाओं को समझने का अवसर मिलता है। सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।

महाराजा अग्रसेन स्कूल में नवदुर्गा चालीसा पाठ का आयोजन

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : महाराजा अग्रसेन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, गुमथला राव में नवरात्रि के अवसर पर नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए नवदुर्गा चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। गतिविधि विशा काम्बोज की देखरेख में करवाई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुदेश बंसल ने कहा कि नवरात्रि हमें शक्ति, साहस और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने, बड़ों का सम्मान करने और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में सहायक होती हैं। इस अवसर पर अर्चना, खुशबू मेहता, अंबिका, शोष्मा, भावना, नीशा सलूजा, रजनीश, सुमन सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।

महान शिक्षाविद् एवं समाजसेवी सेठ मुकंद लाल की पुण्यतिथि मनाई

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में महान शिक्षाविद् एवं समाजसेवी सेठ मुकंद लाल की पुण्यतिथि श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उन्हें याद किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. माला शर्मा ने कहा कि सेठ मुकंद लाल गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित दूरदर्शी व्यक्तित्व थे। उन्होंने सत्य, अहिंसा और समाज सेवा को जीवन का आधार बनाया तथा शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान आज भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेठ मुकंद लाल के आदर्शों को जीवन में अपनाना और शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

धान खरीद की समस्याओं को लेकर किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा ताला

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े किसानों ने जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर और जिला उपाध्यक्ष यादविंद्र कांबोज की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला लगाकर धान खरीद, फसल उठान और भुगतान में आ रही समस्याओं के खिलाफ रोष जताया। इस मौके पर सुभाष गुर्जर और यादविंद्र कांबोज ने कहा कि मंडियों में पोर्टल की खामियों, धान के उठान में देरी, भुगतान संबंधी दिक्कतों और नमी के नियमों के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रति एकड़ धान खरीद की सीमा 27 क्विंटल तय करने पर भी आपत्ति जताते हुए खरीद प्रक्रिया सरल बनाने और किसानों की उपज के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो देशभर में आंदोलन को लेकर कड़े फैसले लिए जाएंगे। इस मौके पर कुलविंदर सिद्धू, अरविंद कांबोज, महिंद्र कांबोज, ब्लाक प्रधान अशोक डांगी, साहिल सेतिया, पवन गोयल दामला, रोहित दामला, मास्टर जंगशेर, महिपाल, राजेश कांबोज, वेदपाल, लवली कांबोज, दीप राणा, सुरेश बुबका और रामपाल बैंडी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने किया रादौर अनाज मंडी और किसानों के खेतों का दौरा

रादौर, 14 अप्रैल (कुलदीप सैनी) : यूके से बासमती चावल खरीदने पहुंचे डेविड और मारिया ने रादौर अनाज मंडी और गांव जुब्बल में किसानों के खेतों का दौरा कर धान की पैदावार, गुणवत्ता और कटाई प्रक्रिया की जानकारी ली। मंडी में दुकान नंबर 47 पर पहुंचने पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुभाष कांबोज जयपुर ने विदेशी प्रतिनिधिमंडल का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।

      डेविड और मारिया ने किसानों से बातचीत कर बासमती की खेती में अपनाई जा रही तकनीकों और फसल की देखभाल के तरीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने और रासायनिक खाद व कीटनाशकों का कम इस्तेमाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खेती में प्राकृतिक तरीकों को बढ़ावा देना जरूरी है। वहीं, वीटी फाइन फूड के सीनियर मैनेजर अनिल छिक्कारा व सहायक एक्सपोर्ट हैड मिलाप मोदी ने कहा कि विदेशों में कम खाद और दवाइयों के इस्तेमाल से उत्पादित चावल की मांग रहती है। अत्यधिक कीटनाशकों का प्रयोग स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मंडी प्रधान सुभाष कांबोज ने प्रतिनिधिमंडल को मंडी की गतिविधियों और धान खरीद प्रक्रिया से अवगत कराया। इस दौरे से स्थानीय बासमती उत्पादकों को विदेशी खरीदारों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिला।  इस मौके पर सलिंद्र जयपुर, बंसीलाल सैनी, सुखबीर सिंह और आयुष कांबोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।