पढ़े आज की बड़ी खबरें : महिला किसानों का सम्मान, बदहाल सड़क पर पलटी ट्रॉली!

3

राज्य स्तरीय महिला किसान दिवस पर दामला की पूजा व हेमलता सम्मानित

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी)। जींद में आयोजित राज्य स्तरीय महिला किसान दिवस सम्मेलन में गांव दामला की महिला किसान पूजा और हेमलता को प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। इनके अलावा सहायक तकनीकी प्रबंधक आरती को भी कृषि विभाग में सराहनीय कार्य करने पर सम्मान मिला।

महिला किसान पूजा के पति विद्या भानू ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब पांच वर्षों से प्राकृतिक और आधुनिक खेती कर रहा है। पूजा और हेमलता गन्ने से गुड़ व शक्कर, धान से चावल तथा आम, आंवला और सब्जियों के अचार जैसे प्राकृतिक कृषि उत्पाद तैयार कर बेचती हैं। उनका उद्देश्य लोगों को जहरमुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है।

सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 महिला किसानों और 40 महिला कृषि अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि में महिलाओं के योगदान को पहचान देना, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना था।

एसके मार्ग की खस्ताहालत से लोग परेशान, दामला के पास पलटी ट्रैक्टर-ट्राली

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर यमुनानगर से रादौर तक सड़क की खस्ताहालत वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और जाम की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को दामला के पास उपलों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में स्कूल वाहनों के फंसने से विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई।

स्थानीय निवासी विक्रम सैनी, वंश, संदीप, प्रवीन, गौरव, विकास और मनदीप ने बताया कि यह मार्ग तीन राज्यों को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क के नवीनीकरण का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन इसकी धीमी गति से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क नवीनीकरण कार्य में तेजी लाने और उखाड़ी गई सड़क का निर्माण जल्द पूरा करवाने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके।

ट्रांसफार्मर से तांबे के ब्लेड चोरी करने के आरोप में दो गिरफ्तार

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : थाना रादौर पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबे के ब्लेड चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थाना प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि बिजली बोर्ड के एसडीओ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गांव सिलिकलां में लगे ट्रांसफार्मर से अज्ञात व्यक्ति तांबे के ब्लेड चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव दोहली निवासी रजत और वंश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

मून स्टार प्री स्कूल में धूमधाम से मनाई गई नवदुर्गा अष्टमी

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) :  मून स्टार प्री स्कूल, रादौर में शुक्रवार को नवदुर्गा अष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हीं बालिकाएं मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के रूप में सजकर विद्यालय पहुंचीं। कार्यक्रम की शुरुआत आरती से हुई, जिसके बाद कन्या पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने माता रानी के भजनों पर डांडिया और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। विद्यालय की मुख्य अध्यापिका रसमीन कौर ने कहा कि नवदुर्गा अष्टमी मां दुर्गा की शक्ति, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर मां महागौरी से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।

विद्यालय की कोऑर्डिनेटर रितु देवी ने भी बच्चों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीतू, अनु, उमा, आंचल, शिवानी, वर्षा, सिमरन, बबीता, मीनू, रानी, शुभम और कृष्ण सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।

 पश्चिमी यमुना नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : शुक्रवार को पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से पक्का घाट के पास शव को नहर से बाहर निकलवाया।

जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें ईआरवी के माध्यम से नहर में शव तैरने की सूचना मिली थी। इस दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कर्ण चानना ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर शव को बाहर निकलवाने में सहयोग किया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। फिलहाल शव को शवगृह में रखवाया गया है और पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी है।

लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता में अलाहर स्कूल ने लगातार पांचवें वर्ष लहराया जीत का परचम

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : जिला स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता-2026 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अलाहर के विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने लगातार पांचवें वर्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा नंदिनी सिंह, अर्चित शर्मा और अंशिका कांबोज ने भाग लिया। तीनों विद्यार्थियों ने अपनी त्वरित सोच, ज्ञान और प्रतिभा का परिचय देते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रिंसिपल मुकेश रोहिल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें कानून के प्रति जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षक प्रमोद भारती का मार्गदर्शन और मेहनत रही। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर ढंग से तैयार किया। विद्यालय के स्टाफ सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने विजेता विद्यार्थियों व उनके मार्गदर्शक शिक्षक को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।

राजकीय महाविद्यालय में एबीसी आईडी व पंजीकरण पर कार्यशाला आयोजित

रादौर, 16 अक्तूबर (कुलदीप सैनी) : ज्योतिबा फुले राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में कंप्यूटर विभाग की ओर से एबीसी आईडी बनाने और आईयूएमएस पर स्वयं पंजीकरण करने संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कंप्यूटर विज्ञान विभाग के डॉ. रमा स्वामी और डॉ. नैन्सी शर्मा ने विद्यार्थियों को एबीसी आईडी बनाने, उसके शैक्षणिक महत्व तथा आईयूएमएस पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। सहायक प्राध्यापक शमा ने भी विद्यार्थियों को आवश्यक तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।  महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. एस.के. सिंह  ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शैक्षणिक सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना और स्वयं पंजीकरण करने में सक्षम बनाना रहा।