Home Ambala जगाधरी – सहकारिता विचार गोष्ठी में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने...
जगाधरी(कुलदीप सैनी)। हरियाणा राज्य सहकारी प्रसंघ की ओर से सहकारिता जागरूकता अभियान के तहत जगाधरी स्थित गुप्ता पैलेस में जिला स्तरीय सहकारिता विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्यातिथि तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेशवासियों से सहकारिता से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। आयोजकों की ओर से मुख्यातिथि श्याम सिंह राणा और विशिष्ट अतिथि कंवरपाल गुर्जर को शॉल तथा भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
सहकारिता से समृद्धि और आत्मनिर्भरता का मार्ग : राणा
श्याम सिंह राणा ने कहा कि यदि देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है तो सहकारिता को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता से समृद्धि, समृद्धि से आत्मनिर्भरता और आत्मनिर्भरता से सशक्त किसान एवं सशक्त देश का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि कृषि भूमि सीमित होने के कारण खेती की लागत बढ़ रही है। ऐसे में महंगी दवाइयों और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। प्राकृतिक खेती से किसानों की लागत कम करने और आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान और कृषि ऋण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारिता से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने देश में सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सहकारिता से बढ़ती है किसान की ताकत : कंवरपाल गुर्जर
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि किसानों को रासायनिक खादों और दवाइयों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता के सभी कार्य केवल सरकार के स्तर पर नहीं किए जा सकते, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अकेला किसान बाजार में कई बार कमजोर पड़ जाता है, लेकिन सहकारी समिति से जुड़ने पर उसकी सामूहिक ताकत बढ़ती है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को बेहतर बाजार, उचित दाम और समय पर ऋण जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।
कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। सहकारिता को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़कर इसे और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सहकारिता से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ, हरकोफेड के मीडिया प्रभारी सौरभ अत्री, प्रवीन अत्री, रामपाल नंबरदार, हरकोफेड के चेयरमैन, अधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता तथा विभिन्न गांवों से आए किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।