बोनस से री-शेड्यूलिंग तक राइस मिलर्स के मुद्दों पर हुई चर्चा, उपायुक्त प्रीति ने दिए निर्देश

1

यमुनानगर, 21 सितंबर। उपायुक्त प्रीति ने जिले के राइस मिलर्स के साथ बैठक कर आगामी सीजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बोनस, री-शेड्यूलिंग, राइस मिलर्स की समस्याओं के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान राइस मिलर्स ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राइस मिलर्स से संबंधित भुगतान और अन्य कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

उपायुक्त प्रीति ने कहा कि धान सीजन के दौरान किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। प्रशासन की ओर से राइस मिलर्स को भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने राइस मिलर्स से निर्धारित एसओपी और नियमों के अनुसार कार्य करने तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या प्रशासन को दी जाए, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने राइस मिलर्स से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए मिल संचालन और रजिस्ट्रेशन संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को सीजन के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों, व्यापारियों और राइस मिलर्स को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करने की अपील की।

बैठक में डीएफएससी नीतीश सिंगला, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित राइस मिलर्स, एफसीआई, हैफेड और वेयरहाउस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।